पुखरायां। विकास खंड मलासा के डीघ से जगदीशपुर होकर जाने वाली सड़क पेट्रोलियम पाइप लाइन डाले जाने के समय दो वर्ष पूर्व खोद दी गई थी। जिसकी मरम्मत के लिए गांवों के लोग अधिकारियों से फरियाद करते रहे। सुनवाई नहीं होने पर गांव के युवाओं ने खुद ही सड़क के गड्ढों की मरम्मत कर ली।
गिरदौं गांव के युवा अभिषेक कुमार, सूर्यप्रकाश, शिवम, गगन, अरुण, ओम प्रकाश, राशिद, आयुष, अंकित ने बताया कि डीघ चौराहा पर झांसी-कानपुर हाईवे से जगदीशपुर होकर गजनेर-मूसानगर रोड से जुड़ी सड़क गिरदौं गांव के पास पेट्रोलियम पाइपलाइन डालने के दौरान खोद दी गई थी। बरसात शुरू होते ही सड़क की स्थिति और बदतर हो गई है। इससे गिरदौं, गोपालपुर, लवरसी, सिहारी, कछगांव, छोटे पुरवा, सरौटा, जगदीशपुर, असलापुर, मलासा, विजयीपुर, सिंगरसीपुर, ठाकुरपुरवा, घार, पुलंदर, जरसेन, शेरपुर, गुढ़ा, चांदपुर सहित क्षेत्रीय गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी होने लगी।
बाहरी लोग वाहनों से निकलते हैं उनको भी परेशानी होती है। दुपहिया वाहन सवार, छात्र-छात्राएं हमेशा गिरकर घायल होते रहते थे। यहां तक एंबुलेंस को निकलने में भी परेशानी होती थी। सड़क बनवाए जाने के लिए की मांग की जाती रही। अधिकारी पेट्रोलियम विभाग के अधिकारियों से कहकर बनवाए जाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन अभी तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इसके लिए सभी ने खुद चंदा एकत्रित कर ईंट और मिट्टी मंगाकर स्वयं श्रमदान करके सड़क की मरम्मत कर ली है। सड़क मरम्मत होने से अब आवागमन सुगम हो गया है।