थाने में पहुंचकर शादियां टूटते हुए ताे कई बार देखी हाेंगी पर कन्नौज का एक थाना जब शादी के मंडप में बदला ताे हर काेई चाैंक गया। बरात कानपुर के रसूलाबाद से छिबरामऊ गई थी। शादी के दाैरान दुल्हन की बुआ काे थप्पड़ मारने के बाद मामला थाने पहुंच गया पर पुलिस की समझदारी के चलते पूरा थाना सात फेराें के लिये सजा दिया गया।
कानपुर देहात के रसूलाबाद इलाके से एक बारात मंगलवार को दिन कन्नौज के छिबरामऊ में में पहुंची। दिन भर बारातियों की जमकर आवभगत की गई। इसके बाद द्वारचार के समय जब बारात लड़की पक्ष के घर पहुंची तो वहां माैजूद बच्चों के बीच किसी बात काे लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ा ताे बारातियों में से किसी एक ने दुल्हन की बुआ को थप्पड़ मार दिया। बुआ का अपमान हाेता देख लड़की वालों ने शादी करने से मना कर दिया। जब बरात में विवाद की सूचना पुलिस तक पहुंची ताे सिपाही दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंच गए।
थाने में पुलिस की समझदारी ने पूरे मामले काे एक नया माेड़ दे दिया। दो-तीन घंटे की पंचायत के बाद आखिरकार मामला सुलझा गया। इसके बाद ताे जेसे थाने की रंगत ही बदल गई। झटपट पूरे थाने में शादी की तैयारियां शुरु हाे गई। कुछ ही देर में थाने काे नई दुल्हन के लिये सजा दिया गया। वर और वधू ने थाने में ही एक-दूसरे को जयमाला डाली।