बसरेहर। जाति अलग-अलग होने की वजह से परिजनों ने विरोध किया तो प्रेमी युगल ने आत्मघाती कदम उठा लिया। ग्रामीणों ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे पेड़ से युवक का शव फंदे से लटका देखा, जबकि शर्ट का फंदा खुल जाने से युवती की जान बच गई। वह जमीन पर गिरने के बाद दोबारा पेड़ पर चढ़ गई थी। ग्रामीणों ने उसे पेड़ पर बेसुध देखा।
ग्रामीणों की सूचना मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को आयुर्विज्ञान विवि में भर्ती कराया। युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों प्रेमी युगल अलग-अलग जाति के थे, इस वजह से परिजन उनका विरोध करते थे। परेशान होकर दोनों ने साथ मरने का प्रयास किया। वहीं, युवक की मां ने युवती के परिजन पर हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
पुलिस के अनुसार, असित यादव (26) निवासी हिद्दपुरापुरा का पास के गांव की एक दूसरी जाति की युवती से प्रेम करता था। असित लगभग छह दिन पहले ट्रक पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। उधर, युवती भी सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे घर में मेले में जाने की बात कहकर निकली थी। देर शाम तक युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन पता न चला। देर रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रामसनेही के खेत में लगे आम के पेड़ पर असित युवती के दुपट्टे से फंदा बनाकर और युवती असित की शर्ट से फंदा बनाकर लटक गए। शर्ट का फंदा खुल जाने से युवती नीचे गिर पड़ी, जबकि युवती के सामने असित ने दम तोड़ दिया।
पुलिस का कहना है कि फंदा खुल जाने के बाद युवती जान देने के इरादे से दोबारा पेड़ पर चढ़ी थी, लेकिन बेसुध होने की वजह से वह पेड़ पर बैठी रह गई। इसी दौरान ग्रामीण पहुंच गए। सूचना पर सीओ रामगोपाल शर्मा, एसओ विपिन मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
उधर, असित की मां यशोदा ने युवती पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि युवती के परिजनों की ओर से धमकी दी गई थी। हालांकि, अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
पेड़ से फंदा लगाकर युवक ने जान दी है। युवती ने भी उसी पेड़ से फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की थी। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। दोनों अलग-अलग जाति के थे। परिजन विरोध करते थे।
जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- श्रीशचंद्र, एसपी देहात