कानपुर। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में चल रही यूटीटी प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के दूसरे दिन सोमवार को अंडर-11 वर्ग में पश्चिम बंगाल के 11 खिलाड़ियों ने मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई। इनमें पांच बालक और छह बालिकाएं शामिल हैं। महाराष्ट्र नौ खिलाड़ियों के साथ दूसरे स्थान पर जबकि तमिलनाडु, हरियाणा और दिल्ली के सात-सात खिलाड़ियों ने मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया। अंडर-11 बालक वर्ग में महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के पांच-पांच खिलाड़ी मुख्य ड्रॉ में पहुंचे। वहीं, बालिका वर्ग में पश्चिम बंगाल की छह खिलाड़ियों ने जगह बनाई।
मुख्य ड्रॉ के मुकाबलों में भी पश्चिम बंगाल का दबदबा रहा। बालक वर्ग में देबांशु चक्रवर्ती और अर्जुन सेन ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। अर्जुन ने महाराष्ट्र के नक्ष महाजन को हराया। बालिका वर्ग में वरेन्या सरकार और कृतिका सैबो ने जीत दर्ज कर अंतिम चार में प्रवेश किया। - महाराष्ट्र के राजवर्धन तिवारी और हरियाणा के ग्रंथ डुकलान ने बालक वर्ग में सेमीफाइनल में स्थान बनाया। बालिका वर्ग में पंजाब की इनाया ने अंतिम चार में प्रवेश किया।