कानपुर। वेलनेस, आयुर्वेद, अध्यात्म और स्वस्थ जीवनशैली पर गहन मंथन के लिए कानपुर सुपर 100 व दिव्यांबर वेलनेस सेंटर के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। शुभारंभ विधायक नीलिमा कटियार, वास्तुशास्त्री विमल झाझरिया ने किया।
विधायक ने कहा कि कानपुर को स्वस्थ और संस्कारित शहर बनाने के लिए दिव्यांबर वेलनेस सेंटर एक मील का पत्थर साबित होगा। वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि वेलनेस केवल उपचार नहीं, जीवन जीने की कला है। व्यक्ति के स्वयं स्वस्थ होने के साथ ही समाज को भी स्वस्थ करना असली वेलनेस है।
वास्तुशास्त्री विमल झाझरिया ने कहा कि व्यक्ति को तन, मन और आत्मा तीनों स्तर पर स्वस्थ होने की जरूरत है। इस मौके पर डॉ. सिधांशु राय, पूर्व मंडलायुक्त अजयदीप सिंह, डॉ. नरेंद्र मोहन, आध्यात्मिक विशेषज्ञ रुद्रयोगी, डॉ. एसके मिश्रा, डॉ. अंकित, डॉ. अमरनाथ कश्यप, निर्मल झाझरिया, दिनेश वार्ष्णेय, अनीता त्यागी, रोमी चावला, अनिल गुप्ता आदि मौजूद रहे। (संवाद)