पुलिस की लाठी चलने के बाद पसरा सन्नाटा
- फोटो : amar ujala
महोबा के कबरई में लॉकडाउन व सामाजिक दूरी का उल्लंघन करना ग्रामीणों को महंगा पड़ गया। ग्राम पिपरामाफ में साप्ताहिक बाजार लगाकर सब्जी बेच रहे दुकानदारों पर पुलिस ने जमकर लाठियां चटकाई। जिससे मौजूद लोगों व दुकानदारों में भगदड़ मच गई।
पुलिस ने दोबारा भीड़ एकत्र होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। कोरोना महामारी को लेकर जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी व पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार अन्य अधिकारियों व ग्राम प्रधानों के सहयोग से लाउडस्पीकर के माध्यम से एनाउंस कराकर लॉकडाउन का पालन कराने के कड़े निर्देश दे रहे हैं लेकिन प्रशासन की सख्ती का असर विकासखंड कबरई के ग्राम पिपरामाफ में नहीं हुआ।
रविवार को साप्ताहिक बाजार में सब्जी व अन्य किराना दुकानदार दुकानें सजाकर बैठ गए। खरीदारी की लिए लोगों की भीड़ एकत्र होने पर ग्राम प्रधान व अन्य लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीनगर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाते हुए सामाजिक दूरी का पालन करने के निर्देश दिए।
कुछ दुकानदारों के दुकान बंद न करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दुकानदारों खदेड़ दिया। जिससे लोगों में भगदड़ मच गई। तमाम दुकानदार अपना सामान छोड़कर भाग निकले। थाना प्रभारी का कहना है कि इसके पूर्व भी रविवार को स्थानीय लोगों व आसपास के क्षेत्र में बाजार न लगाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्देशों पर उल्लंघन करने पर दुकानदारों को खदेड़ा गया।