कानपुर। आईआईटी कानपुर मोबाइल फोन की 5जी और 6जी तकनीक पर काम कर रहे स्टार्टअप को अब अपने इंक्यूबेशन सेंटर से जोड़ने की तैयारी में हैं। इसके लिए संस्थान में एक अक्तूबर को वेबिनार का आयोजन किया जाएगा।
आईआईटी लंबे समय से 5जी और 6जी तकनीक पर शोध कर रहा है। इसके तहत स्टार्टअप कंपनियों को स्टार्टअप इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (एसआईआईसी) से जोड़ा जाएगा। इसी क्रम में सेंटर की ओर से एक अक्तूबर को वेबिनार आयोजित होगा ताकि देशभर के स्टार्टअप और विशेषज्ञ एक मंच पर आकर इस क्षेत्र में नए अवसर तलाश सकें। संस्थान की विकसित 5जी तकनीक का इस्तेमाल टाटा समूह देश में कर रहा है। अब संस्थान की कोशिश है कि अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और स्टार्टअप को एक साथ जोड़कर मोबाइल तकनीक और उपकरण निर्माण को देश में गति दी जाए। (ब्यूरो)