मौसम प्रणालियों के बदलने से मानसून सक्रिय होने पर अगस्त के चार दिनों में पूरे महीने की सामान्य औसत की 47.2 प्रतिशत बारिश हो गई। अगस्त महीने की सामान्य औसत बारिश 242.6 मिमी है और चार दिनों में 114.6 मिमी बारिश हो गई। 24 घंटे में अधिकतम तापमान छह डिग्री कम हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी दो-तीन दिन तक ऐसी ही स्थिति रहेगी।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग की वेधशाला में सोमवार और मंगलवार 104.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। अगस्त के चार दिनों को मिलाकर कुल 114.6 मिमी बारिश हुई। बारिश की वजह से 24 घंटे में अधिकतम तापमान छह डिग्री और रात का न्यूनतम 2.6 डिग्री कम हुआ है। मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि मौसमी सिस्टम अभी दो-तीन दिन बना रहेगा।
कानपुर में बारिश
- फोटो : अमर उजाला
मानसूनी द्रोणी के उत्तर की ओर खिसक आने से नमी माहौल में आने लगी है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी है। चक्रवाती घेरा अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी खींच रहा है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने इन दिनों में तेज बारिश का अनुमान जारी किया है।
कानपुर में बारिश
- फोटो : amar ujala
अभी तक अगस्त में सबसे अधिक 656.6 मिमी बारिश
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग में वर्ष 1971 से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक अभी अगस्त के महीने में सबसे अधिक बारिश वर्ष 1980 में हुई थी। इस साल अगस्त में 656.6 मिमी पानी बरसा था। अगस्त में सबसे कम बारिश वर्ष 1979 में हुई। उस साल सिर्फ 30.1 मिमी ही बारिश हुई थी।
तापमान
अधिकतम- 29 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम- 23.6 डिग्री सेल्सियस