कानपुर। लगातार दो दिनों तक धूप नहीं निकलने और हल्की बारिश की वजह से दिन और रात का तापमान लुढ़क गया है। अधिकतम पारा 6.8 डिग्री लुढ़क गया। पूरे दिन ठंडी हवाएं चलने से शाम हाेते ही ठंडक और बढ़ गई। मौसम विभाग की चेतावनी है कि आगामी दो नवंबर तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। लोग स्वेटर और इनर निकाल लें अन्यथा ठंड की वजह से तबीयत बिगड़ सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठे मोंथा चक्रवात की सक्रियता अभी कई दिनों तक बनी रह सकती है। 29 अक्तूबर को दिन में कुछ देर के लिए धूप निकल सकती है लेकिन हवा और बादलों की वजह से ठंड बनी रहेगी। 30 अक्तूबर को फिर से बारिश हो सकती है। इस तरह से अगले पांच दिनों तक मौसम बदला रहेगा। इस बीच मंगलवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री कम होकर 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को इसमें और भी कमी आने की संभावना है। इस बीच 20 से 40 किमी की रफ्तार से चलीं हवाओं की वजह से महानगर में प्रदूषण की मात्रा में भी कमी आई है। यह 100 एक्यूआई से भी नीचे आ गई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार कल्याणपुर क्षेत्र में प्रदूषण की मात्रा 75 एक्यूआई, नेहरूनगर में 69 एक्यूआई और किदवईनगर क्षेत्र में 83 एक्यूआई रिकार्ड की गई।