कानपुर। जौनपुर में अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त में मेस्टन रोड के हैरिस गन हाउस का नाम सामने आने के बाद सोमवार को मूलगंज पुलिस ने शस्त्रालय जाकर जांच की। इस दौरान सामने आया कि गन हाउस में छह माह के भीतर 27432 कारतूसों की खरीद की गई जबकि 20357 कारतूस बेचे गए। यहां शहर व आसपास के इलाकों से ज्यादा गन हाउस से बाहरी प्रदेशों के लोगों ने खरीद की। पुलिस की जांच में बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड और राजस्थान व अन्य प्रदेशों का रिकॉर्ड मिला। इसी तरह, पुलिस ने सोमवार को करीब 50 से अधिक गन हाउस में दस्तावेजों को मिलान किया।
पुलिस के मुताबिक, हैरिस गन हाउस में एक अप्रैल से 30 सितंबर के बीच 153 नई और पुरानी बंदूकें बेची गईं। शुरुआती जांच में छह माह के भीतर 27432 कारतूसों की खरीद और 20357 की बिक्री का रिकॉर्ड मिला है। जांच में हैरिस गन हाउस की ओर से असलहों और कारतूसों को बार-बार दूसरे शस्त्रालयों में सेफ कस्टडी के लिए भेजे जाने की प्रविष्टियां रजिस्टर में दर्ज हैं। पुलिस अब इन प्रविष्टियों का मिलान कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि असलहे और कारतूस किन शस्त्रालयों में भेजे गए और उनका वास्तविक स्टॉक कितना है।
पुलिस के मुताबिक, शस्त्रालय के रिकॉर्ड में दूसरे राज्यों के लोगों को बड़ी संख्या में असलहे और कारतूस बेचने का ब्योरा मिला है। इनमें बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड और राजस्थान समेत अन्य राज्य शामिल हैं। रिकॉर्ड के अनुसार, एक जनवरी से 25 दिसंबर 2024 तक दूसरे राज्यों में 46 असलहे और 7560 कारतूस बेचे गए जबकि 25 नवंबर 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच 49 असलहे और 3380 कारतूस की बिक्री दर्ज है। वहीं, इस वर्ष 1 अप्रैल से 31 अक्तूबर तक 32 असलहे और 7590 कारतूस दूसरे राज्यों में बेचे गए।