कानपुर। यूपी टी-20 लीग का चेयरमैन बनने के बाद डॉ. संजय कपूर ने कहा कि उनका संकल्प इस लीग को देश की सबसे प्रभावशाली और शीर्षस्थ प्रतियोगिता के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए वह हर संभव रणनीतिक प्रयास करेंगे।
डॉ. कपूर पूर्व में ग्रीनपार्क में आयोजित कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के वेन्यू डायरेक्टर रह चुके हैं। उनके निर्देशन में 2021 में भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच, 2023 में भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच और हाल ही में भारत-ऑस्ट्रेलिया ए वनडे सीरीज का शानदार आयोजन हुआ।
डॉ. कपूर ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष कानपुर प्रीमियर लीग का सफल आयोजन कर प्रदेश की पहली शहरी क्रिकेट लीग की शुरुआत की थी। इसमें प्रदेश के दिग्गज खिलाड़ियों ने भी भाग लिया और उन्हें आकर्षक पारिश्रमिक मिला।
उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग की जिम्मेदारी मिलना एक नई चुनौती है। दर्शकों की भागीदारी बढ़ाना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। कुछ नवीन प्रयोगों और योजनाओं के माध्यम से हम इस लीग को देश की सबसे लोकप्रिय प्रतियोगिता के रूप में स्थापित करेंगे।