लगातार हो रही बारिश के कारण इन गड्ढों में जलभराव हो गया है, जिससे गड्ढों की असल गहराई दिखाई नहीं देती। इसके चलते एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों के साथ कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
दोपहिया वाहन सवारों के फिसलने का खतरा
सर्विस रोड की जर्जर स्थिति के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। सड़क पर भरे पानी के कारण चालकों को गड्ढों का सही अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे मोटरसाइकिल और स्कूटर के अनियंत्रित होकर फिसलने का खतरा लगातार बना रहता है।
कई बार वाहन चालक अचानक सामने आए गड्ढों को देखकर संतुलन खो बैठते हैं। फूड प्लाजा पर रुकने वाले और सर्विस रोड से गुजरने वाले यात्रियों को भी इस जलभराव और जर्जर सड़क के कारण भारी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
यात्रियों और चालकों ने की सड़क की मरम्मत कराने की मांग
एक्सप्रेसवे पर स्थित फूड प्लाजा होने के कारण यहां रोजाना दर्जनों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन सर्विस रोड की दुर्दशा के चलते अब वाहन चालकों को अपने वाहनों के खराब होने और दुर्घटनाग्रस्त होने का डर सताने लगा है।
http://
स्थानीय निवासियों और एक्सप्रेसवे के यात्रियों ने संबंधित कार्यदायी संस्था और प्रशासन से गुहार लगाई है कि जलभराव की समस्या का निस्तारण कराते हुए इस जर्जर सर्विस रोड की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी भी संभावित बड़े हादसे को समय रहते रोका जा सके।