मूसानगर। निकाय के फत्तेपुर वार्ड में नलकूप की मोटर खराब होने से तीन दिन से जलापूर्ति ठप है। करीब दस हजार आबादी को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। लोग वार्ड में आस पड़ोस के सबमर्सिबल पंप या फिर दूर लगे हैंडपंप से पानी लेने को मजबूर हैं। नगर पंचायत प्रशासन टैंकर से पानी भेज रहा है मगर यह कम पड़ जा रहा है।
फत्तेपुर में लगे नलकूप से रसूलपुर, आजाद नगर, अब्दुल कलाम नगर समेत फत्तेपुर की 10 हजार आबादी को जलापूर्ति की व्यवस्था है। गुरुवार को नलकूप की मोटर दगा दे गई। घरों में पानी नहीं पहुंचा। लोगाें ने जानकारी की तो पता चला कि मोटर ठीक होने पर ही जलापूर्ति हो सकेगी। मोटर ठीक होने को लेकर तीन दिन से लोग इंतजार कर रहे हैं। भीषण गर्मी में दूर लगे हैंडपंप से पानी भरना पड़ रहा है। वहीं पड़ोसी के सबमर्सिबल पंप से लोग जरूरत का पानी ले रहे हैं।
वार्ड के अभिषेक, ब्रजेश, कामता, राजा, अफसार, अमरदीप आदि ने बताया कि नलकूप की मोटर खराब होने की वजह से दिक्कत है। नगर पंचायत प्रशासन ने पानी के टैंकर तो भेजे मगर इससे लोगों की जरूरत नहीं पूरी हो सकी। मजबूरन लोगों को हैंडपंप व पड़ोस के सबमर्सिबल से लाइन लगाकर पानी भरना पड़ रहा है। गर्मी लोगों का हाल बेहाल है। इसपर पानी की किल्लत बनी हुई है। पानी का टैंकर आने पर लोग जुट जाते हैं। इससे मारामारी की स्थिति बनती है। नलकूप के ऑपरेटर कल्लू पाल ने बताया कि गुरुवार को अचानक तेज आवाज के बाद मोटर फुंक गई। अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
................
नहीं मिल पा रहा पर्याप्त पानीानी।
वार्ड निवासी अवधेश, विमल, अखिलेश, रमेशचंद्र आदि ने बताया कि तीन दिन से पानी का संकट है। कई घरों में न तो हैंडपंप है और न ही सबमर्सिबल लगा है। वार्ड के कुछ लोग तो मोहल्ले में पानी दे रहे हैं। वहीं, कुछ लोग बिजली की खपत बढ़ने की बात कह सबमर्सिबल से पानी नहीं दे रहे हैं। पानी के टैंकर संकरी गलियों तक नहीं पहुंच पा रहा हैं। वहां पेयजल का संकट बना हुआ है। हैंडपंपों में दिनभर लंबी कतारें लग रही है। जल निगम के अवर अभियंता अनुपम सिंह ने बताया कि नलकूप की मोटर में खराबी हो जाने की जानकारी मिली है। मोटर ठीक कराकर जल्द ही आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
.................
वर्जन.....
फत्तेपुर नलकूप की मोटर में खराबी होने की जानकारी है। जल निगम को रिपेयरिंग के लिए कहा गया है। लोगों की समस्या को देखते हुए जलापूर्ति के लिए टैंकर भेजे जा रहे हैं। मोटर ठीक कराई जा रही है। जल्द ही समस्या दूर कर दी जाएगी। - नरेंद्र सिंह अधिशासी अधिकारी