डेरापुर। फत्तेपुर आईटीआई के पास सेंगुर नदी के चैकडैम में 22 जून को नहाने के दौरान दो युवक डूब गए थे। एक युवक का शव 24 जून को बरामद हो गया था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने दीपक का शव घटना स्थल ने 500 मीटर दूर झूमन कुंड के पास नदी में पड़े पेड़ में फंसा देखा। शव मिलने पर परिजन बिलख उठे।
सेंगुर नदी के चेकडैम में डूबे फत्तेपुर निवासी दीपक की तलाश में प्रशासन की ओर से बुलाई गई एनडीआरएफ व एसडीआरएफ ने शुक्रवार हो हाथ खड़े कर दिए थे। इसके बाद भी दीपक के परिजन ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शनिवार को सेंगुर नदी में दीपक की तलाश जारी रखी लेकिन उसका पता न चल सका। रविवार सुबह खेतों की ओर गए किसानों ने उसका शव चेकडैम से 500 मीटर दूर नदी में पड़े पेड़ में फंसा देखा। शव मिलने की जानकारी पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
अनहोनी पर दीपक के पिता कृष्ण गोपाल, भाई अमित, शोभित व परिजन रोते हुए मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे तहसीलदार जितेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष महेश कुमार ने शव को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाया है। बता दें कि 22 जून को सेंगुर नदी के चैकडैम में नहाने के दौरान फत्तेपुर निवासी दीपक (28) व जरौली निवासी रोहित संखवार(25) पुत्र विजय नारायण डूब गए थे। 24 जून की सुबह स्थानीय गोताखोरों ने चेकडैम से कुछ दूरी पर रोहित का शव बरामद कर लिया था। तहसीलदार जितेंद्र सिंह ने बताया कि नदी में डूबे दूसरे युवक का भी शव बरामद कर लिया गया है। परिजन को आर्थिक सहायता दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।