मुख्यमंत्री जल बचाओ अभियान योजना के क्रियान्वयन के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी ने समितियों का गठन करने की बात कही है। जनपद स्तरीय जल बचाओ समिति, ग्राम पंचायत स्तरीय जल बचाओ समिति, तहसील स्तरीय जल बचाओ समिति व विकास खंड स्तरीय जल बचाओ समिति का गठन किया जा रहा है।
मालूम हो कि गर्मी के मौसम को देखे हुए पेयजल संरक्षण पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री जल बचाओ अभियान की शुरुआत की गई है।
पेयजल संरक्षण को लेकर ग्र्राम पंचायत स्तर पर लेखपाल, ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारी को मिलकर संयुक्त रूप से प्रत्येक राजस्व ग्राम के राजस्व अभिलेखों का स्थलीय सत्यापन कर तालाबों, पोखरों, झीलों व अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों की सूची बनाकर विकास खंड अधिकारी को उपलब्ध करानी होगी।
सूची के आधार पर जल स्रोतों, तालाबों आदि का चिह्नांकन कराया जाएगा। बैठक में मौजूद जिले के सभी एसडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि संयुक्त रूप से गठित समितियों की प्रस्तुत सूची व प्रस्तावित कार्य का प्रमाणीकरण कर अपनी रिपोर्ट दें।
राजस्व विभाग की ओर से सभी तालाबों पोखरों आदि की डिजिटल डायरी व शिलापट्ट लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि तालाबों पर होने वाले अवैध कब्जे वाले जलाशयों का चिह्नीकरण कर उन्हें तत्काल हटाया जाए।