आंधी-पानी ने बुधवार को भी कई जिलों में तबाही मचाई। इस दौरान बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई। कई लोग झुलस गए। फतेहपुर में पांच, बांदा जिले में चार, जालौन, हरदोई और कानपुर नगर में एक-एक मौत हुई। कुछ स्थानों पर मकान भी गिरे। इससे महिला व दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए।
पांच पशुओं की मौत हो गई। बिजली गिरने से कई घरों के उपकरण भी फुंके। फर्रुखाबाद में ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने व उन्नाव में तार टूटने से कई इलाकों की बिजली गुल रही। सूखे से जूझ रहे चित्रकूटधाम मंडल में बुधवार को भी रिमझिम बारिश हुई। मंडल में बिन पानी परती पड़ी करीब 12 लाख हेक्टेयर जमीन में अब बुवाई के आसार नजर आने लगे हैं।
तीन दिन में हुई करीब 20 मिमी बारिश से खुश किसानों की उम्मीदों को पंख लग गए हैं। रविवार को 9.5 मिमी बारिश हुई वहीं मंगलवार व बुधवार को 10.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश से लगभग सभी फसलों को फायदा होगा।