इटावा। डकैती और मारपीट के मामले में वांछित सभासद पति और पूर्व सभासद हीरू तोमर ने बुधवार को एडीजे 12 कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। उसे वहां से जेल भेज दिया गया है।
21 दिसंबर 2022 को सरइया में बने ग्वालियर की निजी बसों के स्टैंड पर अवैध वसूली को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस मामले में बस संचालक अभिषेक प्रताप सिंह निवासी मुन्नी का अड्डा ने छह लोगों पर बस चालक के साथ मारपीट करने और बस के गल्ले से रुपये लूटने का आरोप लगाया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। इस पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर 27 फरवरी 2024 को पूर्व सभासद हीरू तोमर समेत छह लोगों के खिलाफ डकैती और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस मामले में चार आरोपियों को अग्रिम जमानत मिल गई थी, जबकि एक आरोपी को पकड़कर जेल भेज दिया गया था। वहीं पूर्व सभासद हीरू तोमर ने हाईकोर्ट में अर्जी लगाई थी। वहां से याचिका खारिज होने के बाद हीरू तोमर सुप्रीम कोर्ट भी गए थे, लेकिन वहां से भी याचिका को खारिज कर दिया गया था। इस पर पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस का बढ़ता दबाव देखकर बुधवार को हीरू तोमर ने एडीजे 12 अशोक कुमार के यहां आत्मसमर्पण कर दिया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है। तीन नवंबर को इस मामले सुनवाई होगी। सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। इस बीच बुधवार को आरोपी ने कोर्ट में समर्पण कर दिया है।