कानपुर। शहर की बेबाकी, प्रेम, अपनापन और यादों को पन्नों पर उतारने वाले लेखक विनीत वाजपेई के उपन्यास वाह रे मोतीझील का रविवार को कौशलपुरी स्थित श्री सनातन धर्म बालिका विद्यालय में विमोचन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि अन्नू अवस्थी समेत साहित्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ीं हस्तियां मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में कवि संजय तिवारी अवधी, कुंज बिहारी गुप्ता और पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने भी शिरकत की। उपन्यास में मोतीझील को केंद्र में रखकर कानपुर की जीवनशैली, यहां के लोगों का अंदाज, शहर से जुड़ी यादों और रिश्तों की संवेदनाओं को उकेरने का प्रयास किया गया है। लेखक विनीत वाजपेई ने कहा कि यह केवल प्रेम कहानी नहीं, बल्कि कानपुर के मिजाज, आत्मीयता और यहां के जीवन को महसूस करने की कोशिश है। इसका उद्देश्य पाठकों को अपनी मिट्टी, शहर और रिश्तों की खूबसूरती से जोड़ना है।