कानपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दो अक्तूबर से अगले वर्ष विजय दशमी तक हिंदुत्व जागरण सहित पंच परिवर्तन पर काम करने का फैसला लिया गया है।
पहले दिन गुरुवार को 21 जिलों की 918 बस्तियों और 1044 मंडलों में स्वयं सेवक पूर्ण गणवेश के साथ पथ संचलन करेंगे। इस तरह से 1962 स्थानों पर पूरे दिन कार्यक्रम चलेंगे। मंडलों और बस्तियों में पहली बार हिंदू सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
शताब्दी वर्ष के दाैरान संघ की विचारधारा से सभी को जोड़ने की योजना बनाई गई है। इसमें युवाओं को विशेष रूप से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। इसी तरह शहरी क्षेत्र से लेकर गांवों तक शाखाओं की संख्या बढ़ाने का अभियान भी साथ-साथ चलेगा। फिलहाल कानपुर प्रांत में 2019 स्थानों पर शाखाओं का संचालन हो रहा है।
अगले एक साल में इसे पांच हजार तक करने की योजना है। योजना के अनुसार दो अक्तूबर से 12 अक्तूबर 2025 के बीच विजयदशमी उत्सव मनाया जाएगा। नए स्वयं सेवकों से संपर्क और रोजाना लाेगों को शाखाओं से जोड़ने पर काम होगा। पहले दिन सभी प्रमुख पदाधिकारियों की ओर से अलग-अलग स्थानों पर बाैद्धिक कार्यक्रम रखा गया है।
पंच परिवर्तन के तहत होंगे यह कार्य
समरसता-परिवार को जोड़ना, सेवा कार्य, जातिगत भेदभाव रोकना
पर्यावरण-गिलास में पानी और थाली में भोजन नहीं छोडूंगा, कमरे से निकलते समय पंखा लाइट बंद रखूंगा। प्रतिवर्ष पाैधरोपण, पाॅलीथिन पर प्रतिबंध
नागरिक अनुशासन-यातायात नियमों का पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट लगाएंगे, घर का कचरा सूखा, गीला अलग रखेंगे
स्वदेशी जीवन शैली-जन्मदिन व उत्सव भारतीय परंपरा के अनुसार मनाएंगे, वेष भूषा, खानपान भारतीय रहे
कुटुंब प्रबोधन-सप्ताह में एक बार परिवार के साथ भोजन, संवाद हो
दो अक्तूबर 25 से 10 अक्तूबर 26 के बीच प्रमुख आयोजन
2-12 अक्तूबर विजय दशमी उत्सव
1-31 दिसंबर व्यापक गृह संपर्क अभियान
12 जनवरी 2026 से 12 फरवरी-मंडल व बस्तियों में हिंदू सम्मेलन
अप्रैल-2026 में-प्रमुख जन गोष्ठी
मई 2026 में-सामाजिक सद्भाव बैठक
15 अगस्त से 15 सितंबर-युवा केंद्रित कार्यक्रम
25 सितंबर से 10 अक्तूबर 2026 के बीच-अधिकतम स्थानों पर शाखा