कानपुर। डीपीएस आजादनगर के कक्षा नौ के छात्र विराट आनंद ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया टीम ट्रायल की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाया है। 19 सितंबर को भोपाल में आयोजित प्रतियोगिता में विराट ने इंडिया टीम चयन का पांचवां ट्रायल भी क्वालीफाई कर लिया।
सिविल लाइंस निवासी विराट कोच अभय सिंह की देखरेख में प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। इंडिया टीम चयन प्रक्रिया में विराट के लिए अब अगला पड़ाव छठा ट्रायल है। इसमें क्वालीफाई करते ही उनके लिए इंडिया टीम में चयन का रास्ता साफ हो जाएगा। विराट वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष मिश्रा के बेटे हैं। उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन से परिवार और प्रशिक्षक को भी उनसे अगले ट्रायल में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।