रसूलाबाद। पूरन पुरवा गांव में बुधवार को दंपति के बीच हुए विवाद पर यूपी 112 पुलिस युवक को थाने ले जाने लगी। इसकी जानकारी पर ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को घेर लिया। ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों से धक्कामुक्की की। इसकी सूचना पर थाने से और पुलिस बल पहुंचा तो ग्रामीण शांत हुए।
पूरनपुरवा गांव में कप्तान सिंह की पत्नी पूजा ने यूपी 112 पुलिस को सूचना देकर पति पर पिटाई का आरोप लगाया। इस पर पुलिस गांव पहुंची और आरोपी कप्तान को पकड़ कर थाने ले जाने लगी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस कप्तान को थप्पड़ मारते हुए ले जा रही थी। इस पर आपत्ति की गई तो पुलिस कर्मी अभद्रता करने लगे। इस पर गाड़ी रोकी गई।
गाड़ी का घेराव होते ही कुछ युवकों ने पुलिस कर्मियों से धक्कामुक्की शुरू कर दी। इसकी सूचना पुलिस कर्मियों ने थाने में दी। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मी कप्तान व परिवार के दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले जाने लगे। ग्रामीणों ने इसका फिर विरोध किया।
इस पर पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस कप्तान को थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस से अभद्रता करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।