उरई के एक गांव में बच्चाें ने एक अजीब सा जानवर देखा। कुछ ही देर में ये खबर पूरे गांव में फैल गई। थाेड़ी ही देर में पूरा गांव वहां एकत्र हाे गया। हर काेई उस जानवर का नामकरण अपने हिसाब से कर रहा था। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम उसे पकड़ कर ले अाई।
एट थाना क्षेत्र के ईंगुई खुर्द गांव में मगरमच्छ का बच्चा घूमते दिखाई देने पर गांव में हड़कंप मच गया। बच्चा छोटा होने की वजह से ग्रामीणों ने पकड़कर एट वन रेंज अधिकारी सूचना दी। वन दरोगा और टीम ने ग्रामीणों के कब्जे से मगरमच्छ का बच्चा लेकर बेतवा नदी में छोड़ दिया।
एट थाना क्षेत्र के ग्राम ईंगुई खुर्द में गांव के किनारे बने तालाब में करीब छह माह पूर्व दो मगरमच्छ हमीर शाख नहर से आ गए थे। गांव के लोगों को जब यह मगरमच्छ दिखाई दिए तो ग्रामीणों ने एट थानाध्यक्ष व वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम तालाब के किनारे पहुंची और इन मगरमच्छों को पकड़ने का पूरा प्रयास भी किया, लेकिन तालाब बड़ा और गहरा होने के कारण वन विभाग की टीम इन मगरमच्छों को नहीं पकड़ पाई थी और गांव वालों को सतर्क रहने की हिदायत देकर चली गई थी।
इन मगरमच्छों ने गांव में कई बार विचरण किया लेकिन इन्हें पकड़ा नहीं जा सका। मंगलवार सुबह गांव में एक मगरमच्छ का बच्चा घूमता दिखा तो ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने एकत्र होकर मगरमच्छ का बच्चा पकड़ लिया वन रेंज के अधिकारियों को सूचना दी। वन संरक्षकाें ने मगरमच्छ काे ग्रामीणों के कब्जे से लेकर बेतवा नदी में छोड़ दिया।