जिले की अप्रैल माह की रैंकिंग 46 वी आयी और मार्च थी 40वीं
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की सख्ती और अफसरों पर नकेल कसने से जिले के विकास कार्यों में काफी सुधार आ गया। जिसकी वजह से जिला विकास कार्यों में टॉप टेन में शामिल हो गया। लेकिन राजस्व कार्यों में 61 वें स्थान पर रहा। इसका सीधा असर सीएम कार्यालय से प्रत्येक माह जारी होने वाली सीएम डैश बोर्ड रैंकिंग में दिखा है। अप्रैल माह में जिले की रैंकिंग 46वें स्थान पर पहुच गई है। वहीं मार्च माह में 40वें स्थान था। इससे साफ जाहिर है अब विकास कार्यों में सुधार हुआ लेकिन एवं राजस्व कार्यों में लापरवाही बरती गई है। वहीं फरवरी में 63वीं और जनवरी माह में 58वीं रैंक हासिल हुई थी।
मई 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के बाद जिले में सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार नहीं हो रहा था। फरवरी माह तक लगातार जिले का खराब प्रदर्शन रहा। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के जनवरी में जिले की कमान संभालने के बाद उन्होनें अलग-अलग क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर अफसरों पर कार्रवाई की। साथ ही योजनाओं की समीक्षा में जिसकी लापरवाही मिली उसको प्रतिकूल प्रविष्टि दी। जनवरी और फरवरी माह में जिन विभागों की रैंकिंग खराब रही उन पर कार्रवाई भी की। जिसका असर मार्च माह की रैंकिंग से दिखना शुरू हो गया था। सीएम डैश बोर्ड की ओर से जारी रैंकिंग में सभी विभागों को लक्ष्य के सापेक्ष कार्य की प्रगति समय पर अपलोड करनी होती है। लक्ष्य के सापेक्ष काम न करना, योजनाओं या शिकायत निस्तारण के आवेदन पत्रों के सापेक्ष लाभ न मिलना या शिकायतों का निस्तारण न होने की निगरानी की जाती है। विकास कार्यों के करीब 28 विभागों की 70 परियोजनाओं में दिव्यांग पेंशन, मातृत्व शिशु एवं बालिका सदस्य योजना, ओडीओपी वित्त पोषण, बिजली, शिक्षा, सड़क निर्माण, सामूहिक विवाह, आवास, जल जीवन मिशन, गोवंश सुपुर्तगी, कन्या सुमंगला योजना और शौचालय निर्माण जैसी आवश्यक परियोजनाओं में 10वीं रैंक हासिल नकी जब कि मार्च माह में 22वीं रैंक हासिल की थी। वहीं राजस्व कार्यों में स्मार्ट सिटी मिशन, हाउस टैक्स वसूली, राजस्व प्राप्ति, सरकारी कर राजस्व परियोजनाओं में जिले को 61वा स्थान रहा जब मार्च माह में 46वा हासिल हुआ था। वहीं फरवरी माह की बात करें तो विकास कार्यों में 63वीं और राजस्व कार्य में 54वीं रैंक मिली थी।
वर्जन
विकास कार्यों में काफी बेहतर कार्य हो रहा है। राजस्व के कार्यों में जो लापरवाही बरती गई है उसपर अफ़सरों से जवाब तलब होगा।
जितेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी