आरोपी विकास और कानपुर स्थित आयुध निर्माणी
- फोटो : संवाद
आयुध निर्माणी कानपुर में जासूसी के मामले की जांच में जुटी यूपी एटीएस को कुमार विकास के मोबाइल की गैलरी से ऐसे दस्तावेज के फोटो-वीडियो मिले हैं जो उसके कार्यक्षेत्र से बाहर के हैं।
ये सारे दस्तावेज एटीएस को कुमार विकास और पाकिस्तानी एजेंट के बीच हुई व्हॉट्सएप और फेसबुक मैसेंजर की चैट रिकवर करने के बाद मिले हैं। ये कहां से आए? विकास ने खुद उन्हें हासिल किया या किसी ने उसकी मदद की, इस बात की जांच की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि एटीएस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि आखिर एक कर्मचारी के पास इतनी जानकारी कैसे आई और क्यों उसे कभी किसी ने ऐसा करने से नहीं रोका। इसके अलावा चैट्स में पैसों के ट्रांसफर संबंधी व अन्य जानकारियां भी मिली हैं।
बता दें, एटीएस ने पाकिस्तानी एजेंट को आयुध निर्माणी की गोपनीय सूचना भेजने के मामले में तोप गोला विभाग के प्रभारी रहे जूनियर वर्क्स मैनेजर कुमार विकास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एडीजी एटीएस नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि टीम को कुमार विकास के पास से रेडमी 13 सी 5जी फोन बरामद हुआ था।
फोन में थीं गोला बारूद बनते हुए फोटो और गोपनीय सूचनाएं थी
इसमें जिओ कंपनी का सिमकार्ड पड़ा था। टीम ने जब विकास के मोबाइल की फोटो गैलरी चेक की तो उसमें आयुध निर्माणी में बन रहे गोला बारूद बनते हुए फोटो और गोपनीय सूचनाएं थी। चैट में यह भी पता चला है कि फोटो-वीडियो साफ व सही एंगल के न होने पर एजेंट नेहा दोबारा मांगती थी। उसके निर्देश पर आरोपी दोबारा भी कई फोटो-वीडियो भेजता था।
शेयर करते ही डिलीट कर देता था फोटो-वीडियो
एटीएस सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी एजेंट नेहा शर्मा और विकास के बीच हर दिन चैट होती थी। पत्नी की नजरों से बचाने के लिए नेहा एजेंट का नंबर एक आदमी के नाम पर सेव किया था। दोनों के बीच पंद्रह से 20 मैसेज होते थे। इसमें वह कई बार निर्देश तो कुछ बार जानकारी मांगती थी। हर दिन वीडियो और वॉयस कॉल भी किए जाते थे। नेहा की फ्रेंड लिस्ट में कई भारतीय लोग भी शामिल हैं।
जिस दिन गिरफ्तार हुआ, उस दिन आया था निर्माणी
कुमार विकास 18 मार्च को गिरफ्तार हुआ था। उस दिन वह ड्यूटी पर आया था। लंच के दौरान वह अपने घर गया था, वहीं पर एटीएस ने उसे हिरासत में लिया था।
यह भी पढ़ें: UP: 'बिल्लू तू अकेला ही रहेगा..', 17 साल पहले तड़पती मां ने दिया था श्राप; 15 दिन पहले योगेश ने किया था ये काम