कानपुर के बिकरू गांव में दो जुलाई की रात को पुलिस और विकास दुबे गैंग के बीच हुई मुठभेड़ में मारे गए आठ पुलिसकर्मियों और इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से एक जांच समिति का गठन किया गया है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित जांच समित विकास दुबे के गांव बिकरू पहुंची। यहां पर जांच समिति के सदस्यों ने ग्रामीणों से बातचीत की।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि दो जुलाई की रात को बिकरू गांव में विकास दुबे के घर दबिश देने पहुंची पुलिस की टीम पर घात लगाकर बैठे बदमाशों ने हमला कर दिया था। जिसमें सीओ देवेंद्र मिश्रा सहित आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। यूपी एसटीएफ ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए विकास दुबे सहित उसके पांच साथियों को मुठभेड़ में मार गिराया था। अभी तक पुलिस इस मामले में 15 से अधिक लोगों को जेल भेज चुकी है। विकास के एक साथी ने सरेंडर भी किया है। वहीं इस घटना में शामिल कई बदमाश अभी तक फरार चल रहे हैं। जिन्हें ढूंढने के लिए यूपी एसटीएफ की कई टीमें लगी हुई हैं।