इनामी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे का औरैया में इंस्पेक्टर ऋषिकांत द्वारा एनकाउंटर किए जाने की भ्रामक फोटो, वीडियो ट्विटर, फेसबुक व व्हाट्एप पर वायरल किए जाने को लेकर एसपी सुनीति ने सख्ती दिखाई है। एसपी के आदेश पर प्रभारी साइबर सेल एसआई लोकेश कुमार ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी ने बताया कि इस तरह के फोटो, वीडियो और खबर वायरल करने वालों को चिह्नित कर सूची तैयार कराई जा रही है।
अमित के गांव में ब्याही है विकास दुबे के गांव की लड़की
औरैया। सदर कोतवाली में लखन वाटिका गेस्ट हाउस के सामने मिली अमित दुबे की लावारिस कार को लेकर शुरू छानबीन में पुलिस के जानकारी मिली है कि हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के बिकरू गांव की एक लड़की अमित के गांव में ब्याही है। एसपी सुनीति ने बताया कि इस लड़की का विकास दुबे या उसके परिवार से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं पाया गया है। मामले में लापता प्रापर्टी डीलर अमित के पिता कमलेश ने बताया कि वह न तो विकास दुबे को जानते हैं और न ही उनके परिवार में विकास के गांव की कोई लड़की ही ब्याही है। उन्होंने जानकारी को पूरी तरह से गलत बताया है।