कोंच (जालौन)। गरीबों के हिस्से का मिट्टी का तेल कोटेदार की दुकान से कालाबाजारी में बेचे जाने का वीडियो वायरल होने से महकमे में हड़कंप मचा है। हालांकि अधिकारी वीडियो में दिखाए जा रहे केनों को मैंथा आयल के केन बता रहे हैं।
वायरल वीडियो में क्षेत्र के कोटेदार रामराजा की कोटे की दुकान से मिट्टी के तेल की केनें भर भरकर एक जीप में लोड की जा रहीं हैं। गांव के ही किसी व्यक्ति ने उस समय का वीडियो बनाया और किसी अरविंद झा के फेसबुक पर अपलोड कर दिया। अरविंद झा दिरावटी गांव का ही रहने वाला है। वीडियो बनाने के पीछे तर्क यह बताया गया है कि कोटेदार राशन कार्ड धारकों को मिट्टी का तेल नहीं दे रहा था बल्कि कालाबाजारी में बेचता था।
अधिकारियों के संज्ञान में यह बात आने के बाद हड़कंप की स्थिति है। एआरओ याकूब हसन का कहना है कि उन केनों में मिट्टी का तेल नहीं बल्कि मैंथा आयल था। वहीं एसडीएम अशोक कुमार का कहना है कि निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और अगर कोटेदार की ओर से मिट्टी के तेल की कालाबाजारी की गई होगी तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।