प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वच्छता अभियान में भागीदारी करने वाली आईआईटी कानपुर की स्टार्टअप कंपनी ‘गर्व टॉयलेट’ ने एक बार फिर संस्थान का नाम रोशन कर दिया। दुनिया के टॉप-4 सोशल स्टार्टअप में शुमार इस कंपनी के अच्छे कामों पर अब उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी बधाई दी है। शनिवार की सुबह-सुबह उन्होंने इसके लिए ट्वीट किया।
कहा कि जानकर अच्छा लगा कि गर्व टॉयलेट जो स्वच्छ भारत के दिशा में बेहतर काम कर रही है उस यूएई की ओर से सस्टेनेबल सिटीज कैटेगरी में मोहम्मद बिन राशिद अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले गर्व टॉयलेट के फाउंडर मयंक मिधा को ढेरों शुभकामनाएं।
इसके पहले भी यह कंपनी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है। इसे यूएई की ओर से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ चार सामाजिक कंपनियों में शुमार किया गया था। इस उपलब्धि पर आईआईटी निदेशक प्रो. अभय करंदीकर, उप निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल, सिडबी इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन सेंटर के प्रमुख प्रो. अमिताभ बंदोपाध्याय ने खुशी जाहिर की।