हिंदुओं की नब्ज टटोलने के लिए विश्व हिंदू परिषद का चिंतन वर्ग 2017 सोमवार से शुरू हो रहा है। कानपुर में दो दिवसीय इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देश भर से 150 युवा संत और परिषद के अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारी यहां आ चुके हैं। वैसे तो इस कार्यक्रम को राजनीति से पूरी तरह अलग-थलग माना जा रहा है लेकिन उत्तर प्रदेश की वर्तमान स्थिति के संबंध में भी संत अपने विचार रख सकते हैं।
परिषद के धार्मिक आयोजनों के केंद्रीय पदाधिकारी अशोक तिवारी ने बताया कि पनकी क्षेत्र के नारायण विद्यापीठ परिसर में यह आयोजन होगा। हिंदू समाज और लोगों की क्या अपेक्षाएं हैं, इस पर चिंतन-मनन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह परिषद का चिंतन वर्ग है।
देश के अन्य स्थानों पर भी इसी तरह का कार्यक्रम होता है। कर्नाटक, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, असम, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार उप्र जैसे कई राज्यों से संत यहां आए हैं। परिषद के पदाधिकारियों में अंतरराष्ट्रीय महामंत्री चंपत राय, अंतरराष्ट्रीय मंत्री दिनेशजी के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।