रिलायंस ग्रुप के मालिक मुकेश अंबानी
दीपावली तक रिलायंस जियो ग्राहकों के लिए एक और बड़ी घोषणा कर सकता है। जियो का सिम लेने वाले ग्राहक यदि कंपनी के अधिकृत एलवाईएफ (लाइफ) का हैंडसेट इस्तेमाल करते हैं तो उन्हें दो साल तक फ्री डाटा देने की तैयारी है।
जियो का 4जी सिम मार्केट में आने के बाद प्रमुख प्रतिद्वंद्वी वोडाफोन और एयरटेल जैसी कंपनियों ने भी अपनी 4जी स्कीमें लॉन्च कर दी हैं। जियो अभी 31 दिसंबर तक फ्री में डाटा और वॉइसकॉल की सुविधा दे रहा है। इस पर अन्य कंपनियों ने बहुत ही कम दर पर डाटा देने की घोषणा की है। माना जा रहा है कि नए वर्ष से जियो के प्लान जब कामर्शियल हो जाएंगे तो प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से और कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है। ऐसे में जियो एक से दो साल तक फ्री डाटा देने की तैयारी कर रहा है।
हालांकि इसमें कंडीशन यह होगी कि उपभोक्ता को रिलायंस कंपनी का अधिकृत हैंडसेट (एलवाईएफ) लेना होगा। पेंच यह फंस रहा है कि जिन लोगों ने पहले ही लाइफ के हैंडसेट ले रखे हैं, उन्हें स्कीम में कैसे समाहित किया जाए। इसके लिए मंथन किया जा रहा है। कंपनी के सूत्र बताते हैं कि पहले हैंडसेट लेने वालों के लिए एक साल फ्री डाटा की स्कीम दी जा सकती है।