कानपुर। नवंबर में यातायात माह मनाया जाता है। सोमवार को पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल, जिलाधिकारी महेंद्र नाथ तंवर समेत अन्य अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरुकता रैली को रवाना किया। हालांकि शहर चौतरफा जाम से जकड़ा रहा। शहर के भीतर से लेकर हाईवे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं।
त्योहारी मौसम और सप्ताह के पहले दिन के चलते घंटाघर चौराहे से बिरहाना रोड, एक्सप्रेस रोड में दिन भर वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। वहीं परेड से सद्भावना चौक जाने वाले मार्ग पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। चुन्नीगंज से क्रिश्चियन कब्रिस्तान में कार्यक्रम के चलते कुछ वाहन सड़क पर खड़े हुए तो कर्नलगंज थाने से ईदगाह मैदान तक वाहनों की लाइनें लग गईं। यही हाल पीरोड का रहा। अफीमकोठी, नयागंज चौराहे पर भी लोग जाम के झाम में उलझे रह गए। यही हाल मरियमपुर चौराहे से लेकर फजलगंज तक रहा।
-
गोविंदनगर में भी जाम ने रुलाया
शहर के दक्षिणी इलाके में भी जाम ने जमकर रुलाया। गोविंदनगर बाजार में फुटपाथ पर दुकानदारों के कब्जे और सड़क किनारे पार्किंग के चलते दिनभर जाम लगा रहा। चावला मार्केट से लेकर गोविंदनगर नया पुल तक जाम लगा रहा। इसपर कुछ वाहन सवार गोविंदपुरी पुराने पुल पर उल्टी दिशा से फजलगंज की ओर बढ़े जिससे वहां भी जाम लग गया।
सड़क हादसों में शीर्ष 20 जिलों से बाहर हुआ शहर
सीपी रघुबीर लाल ने कहा कि पुलिस के निरंतर प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में 40 प्रतिशत कमी आई है। हादसों में मृत्यु के मामले में 30 प्रतिशत की कमी आई है। यही कारण है कि हादसों के मामलों में देश के शीर्ष 20 जिलों की सूची से कानपुर बाहर हुआ है। वहीं, प्रदेश के 12 जनपदों की सूची से भी बाहर हुआ है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय संकल्प शर्मा, डीसीपी ट्रैफिक अभयनाथ त्रिपाठी मौजूद रहे।