इटावा। पेट्रोल पंप पर 26 जनवरी से बिना हेलमेट के पेट्रोल न देने का फरमान प्रशासन ने जारी किया है। ऐसे में पेट्रोल पंप पर वाहन सवार एक -दूसरे से हेलमेट लेकर पेट्रोल लेते दिखें। पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट लगाए पहुंच रहे दोपहिया वाहन चालक दूसरे वाहन चालकों से हेलमेट लेकर उसे पहनने के बाद पेट्रोल डलवा रहे है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र के पंप संचालकों ने बिक्री प्रभावित न हो इसके लिए खुद ही एक हेलमेट रख लिया है, अब बाइक चालक पंप के ऑफिस से हेलमेट लेता है और पेट्रोल भरवाकर वापस रख देता है। ऐसे में नियम का भी पालन हो जाता और पेट्रोल की बिक्री भी प्रभावित नहीं होती है। जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने बताया कि पंप संचालक नियमों को दरकिनार करते हुए मनमानी कर रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।