जालौन जिले के कोंच में नवीन सब्जी मंडी में अवैध रूप से नीलामी चबूतरे पर कब्जा जमाए लोगों को हटाने गए अधिकारियों की कब्जाधारक दुकानदारों से जमकर नोकझोंक हुई। नायब तहसीलदार संजय ने जब धमकाया कि अगर कब्जे नहीं हटाए तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी, तब कब्जेधारक हट गए।
एक दुकानदार की शिकायत पर डायरेक्टर मंडी परिषद के आदेश पर नायब तहसीलदार संजय और मंडी सचिव मलखान सिंह पुलिस बल के साथ कब्जा हटानेे गए थे। नवीन सब्जी मंडी में 22 दुकानदारों को नीलामी चबूतरे पर फट्टों का आवंटन किया गया था जिसमें से तीन आवंटन कुछ समय बाद कुछ कमियों के चलते निरस्त कर दिए गए थे।
इन्हीं में से एक आवंटी ने मंडी परिषद के डायरेक्टर के यहां शिकायत की थी कि नंबर 10 फट्टे पर अवैैध कब्जा है, जिसे हटवाया जाए। डायरेक्टर ने मंडी समिति को अवैध कब्जा हटाने को निर्देशित किया था।
नायब तहसीलदार संजय और मंडी सचिव मलखान शनिवार को पुलिस बल साथ लेकर कब्जा हटवाने गए थे जहां उन्हें कब्जाधारकों का जबर्दस्त विरोध झेलना पड़ा। कब्जेधारक वहां से हटने को कतई तैयार नहीं थे लिहाजा अधिकारियों को बल प्रयोग करना पड़ा और पुलिस ने वहां से कब्जे हटवा दिए।