कानपुर देहात। खेल निदेशालय व बास्केटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में मावर के एक स्कूल में राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। तीसरे दिन शनिवार को रोमांचक मुकाबले में वाराणसी की टीम ने मेरठ की टीम को 13-00 के स्कोर से करारी शिकस्त दी और फाइनल मुकाबले में अपनी जगह पूरी तरह पक्की कर ली।
जनपद में हो रहे राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता में 14 मंडलों की टीमें पूरी ऊर्जा और अनुशासन के साथ प्रतिभाग कर रही हैं। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाने के लिए कड़ा संघर्ष किया। जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दकी ने बताया कि पहले सत्र में खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिला। लखनऊ मंडल ने चित्रकूट मंडल को 24-02 से, गोरखपुर मंडल ने अलीगढ़ मंडल को 25-11 से और प्रयागराज मंडल ने बस्ती मंडल को कड़े मुकाबले में 13-12 से पराजित किया। वहीं आजमगढ़ मंडल को वॉकओवर मिला।
इसके बाद हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में आगरा मंडल ने लखनऊ मंडल को 29-18 से हराया। गोरखपुर मंडल ने कानपुर मंडल को 13-02 से और वाराणसी मंडल ने प्रयागराज मंडल को 15-08 से शिकस्त दी। एक अन्य मुकाबले में मेरठ मंडल ने आजमगढ़ मंडल को 07-00 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। अब रविवार को सुबह 06:30 बजे से अंतिम चरण के मैच खेले जाएंगे। इनमें दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला होगा, जिसके परिणाम के बाद प्रतियोगिता के विजेता का आधिकारिक फैसला किया जाएगा। इन मुकाबलों से प्रदेश की उभरती युवा प्रतिभाओं को अपने कौशल को निखारने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है।