औरैया के दिबियापुर शुक्रवार की शाम पाता-अछल्दा रेलवे स्टेशनों के बीच वीरपुर गांव के सामने दिल्ली-हावड़ा अप रेलवे ट्रैक पर टैंकर लगा ट्रैक्टर आ जाने से वंदे भारत एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची थी। इस मामले में रेलवे के पीडब्ल्यूआई की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 व 174 में आरपीएफ ने मामला दर्ज किया है।
आरपीएफ का कहना है कि चालक को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। ट्रैक्टर भी बरामद किया जाएगा। शुक्रवार की देर शाम लगभग साढ़े सात बजे दिल्ली हावड़ा अप रेल ट्रैक पर टैंकर लगा ट्रैक्टर फंस गया था। अछल्दा में कासन लगा होने से धीमी गति से आ रही मालगाड़ी एवं वंदे भारत एक्सप्रेस को रोक लिया गया था।
ट्रेन 18
- फोटो : अमर उजाला
ओएचई बंद कराके ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को बाहर निकाला जा सका था। घटना के बाद देर रात तक डीएफसीसीआईएल के अधिकारी, आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट आरपी पांडेय, डिवीजन इंजीनियर इटावा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, पीडब्ल्यूआई, लोको इंस्पेक्टर कानपुर समेत अन्य कई अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया।
घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आरपीएफ फफूंद के प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार, प्रथमदृष्टया जांच में पता चला है कि ट्रैक्टर रेलवे ट्रैक पार नहीं कर रहा था। चालक फ्रेट कॉरिडोर एवं इंडियन रेल ट्रैक (दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग) के बीच में पड़ी खाली जगह में अपना ट्रैक्टर मोड़ रहा था।
प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन 18
- फोटो : अमर उजाला
फिसलन भरी मिट्टी होने से ट्रैक्टर के पीछे लगा टैंकर अप रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया था। पीडब्ल्यूआई ने ट्रैक्टर द्वारा रेल यात्रियों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न करने एवं चलित वाहन को रेलवे ट्रैक पर लाने की शिकायत की है।
उनकी शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर एवं उसके चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 व 174 में मामला दर्ज किया गया है। दावा किया कि जल्द ही ट्रैक्टर एवं चालक को पकड़ लिया जाएगा। दिन में भी आरपीएफ एवं डीएफसीसीआईएल के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।