उत्तर प्रदेश एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा रविवार को ग्रीनपार्क में हुई। एसोसिएशन के सचिव अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग लीग का शुभारंभ जल्द किया जाएगा। इसमें आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए 55.56 लाख रुपये का बजट इस वर्ष घोषित किया गया है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन से संबद्घ प्रतिभावान 47 खिलाड़ियों को 2017 से 2021 के बीच सरकारी नौकरियां मिली हैं। सभी जिला इकाई अपने खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन करे उन्हें आईडी दें। प्रस्ताव रखा गया कि प्रदेश में महिला मुक्केबाजों के लिए छात्रावास की व्यवस्था की जाए। हर मंडल में बॉक्सिंग रिंग हो। संघ के अध्यक्ष सीपीएस तेवतिया ने एसोसिएशन की वेबसाइट का शुभारंभ किया। इसमें खिलाड़ियों को पंजीकरण कराना होगा और उन्हें प्रतियोगिता संबंधी सभी जानकारी मिल सकेगी।
मूकबधिर अमान ने जीता स्वर्ण पदक
लखनऊ में चल रही 9वीं राष्ट्रीय बेस्ट जूडो चैंपियनशिप में मूकबधिर अमान खान ने स्वर्ण पदक जीता। रोशन नगर, कल्याणपुर निवासी अमान अर्मापुर मैदान पर जूडो का अभ्यास करते हैं। फाइनल में उन्होंने हरियाणा के खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। कोच राजेश भारद्वाज ने बताया कि अमान कई राज्य व राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीत चुके हैं।
विज्ञापन
कौशलपुरी सुपर किंग्स की टीम फाइनल में
कानपुर चैरिटेबल सिंधी सेवा संस्थान व काकादेव सिंधु वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में कौशलपुरी सुपर किंग्स की टीम ने फाइनल में जगह बनाई। आर्मरीना मैदान पर हुए डे-नाइट मैच में कौशलपुरी की टीम ने 15 ओवर में 109 रन बनाए। सिंधी कॉलोनी की टीम 15 ओवर में नौ विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी। फाइनल मुकाबला कौशलपुरी सुपर किंग्स व गोविंद नगर रॉयल सिंधी टीम के बीच सोमवार को होगा।
कलर बेल्ट परीक्षा में कई खिलाड़ी सफल
कानपुर ताइक्वांडो स्पोर्ट्स संघ ने पनकी स्थित क्लब में कलर बेल्ट परीक्षा आयोजित की। येलो बेल्ट में अंशिका कनौजिया प्रथम, सक्षम द्वितीय स्थान पर आए। ग्रीन बेल्ट में प्रज्ञा पाल प्रथम, आर्यन शर्मा द्वितीय, ग्रीन वन बेल्ट में पारस सिंह प्रथम, रुद्रांश यादव द्वितीय स्थान पर रहे।
ब्लू बेल्ट में कृष्णा शुक्ला प्रथम, निहाल श्रीवास्तव द्वितीय और ब्लू वन बेल्ट में अनन्या सिंह प्रथम, ऋषिका शुक्ला द्वितीय स्थान पर रहे। रेड बेल्ट में देव भूषण सिंह ने प्रथम, प्रशांत यादव ने द्वितीय, रेड वन बेल्ट में अन्वी सचान ने प्रथम, प्रलाक्षी सिंह ने द्वितीय स्थान पाया। परीक्षा में करीब सौ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। इस मौके पर अरमान सोनी, मनोज सिंह तोमर, आशुतोष नेगी, रचित शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद
शम्सी स्पोर्टिंग, स्पार्टा की टीम ने जीते मैच
डॉ. वीरेंद्र स्वरूप क्रिकेट एकेडमी की संडे क्रिकेट लीग में रविवार को सात मैच खेले गए। शम्सी मैदान पर शम्सी स्पोर्टिंग की टीम ने 23 ओवर में तीन विकेट खोकर 196 रन बनाए। बापू एकादश 23 ओवर में दस विकेट खोकर 103 रन ही बना सकी। मदर टेरेसा मैदान पर ट्राइडेंट एकादश ने 25 ओवर में नौ विकेट खोकर 182 रन बनाए। स्पार्टा की टीम ने 19.4 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
पीएसी ए मैदान पर जेके स्ट्राइकर्स की टीम 14.2 ओवर में 152 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। समशेर्स की टीम 21.4 ओवर में 130 रन पर ही ढेर हो गई। एफजीके अर्मापुर मैदान पर इलेवन स्टार की टीम ने 25 ओवर में छह विकेट खोकर 213 रनों का स्कोर खड़ा किया। कानपुर क्रिकेटर्स की टीम ने 19.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर मैच जीत लिया।
एसटीआई मैदान पर दीप म्यूच्युअल फंड की टीम 23.5 ओवर में 118 रन पर ही सिमट गई। एसटीआई क्लब की टीम ने 11.5 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। पीएसी बी मैदान पर रॉयल एकादश ने 25 ओवर में सात विकेट खोकर 201 रन बनाए। फंटास्टिक एकादश 15.4 ओवर में 132 रन ही बना सकी। डीएवी मैदान पर किंग एकादश 24.1 ओवर में 143 रन पर ऑलआउट हो गई। वी राइजिंग की टीम ने 21 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत हासिल की।
जीटीबी वारियर्स ने जीता लीग का खिताब
डॉक्टर क्रिकेट लीग का खिताब रीजेंसी रॉयल्स को हरा जीटीबी वारियर्स की टीम ने अपने नाम कर लिया। पालिका मैदान पर जीटीबी वारियर्स की टीम ने 25 ओवर में सात विकेट खोकर 266 रन बनाए। बल्लेबाज डॉ. चेतन सिंह ने 141 रनों की पारी खेली। रीजेंसी रॉयल्स की टीम 16.4 ओवर में 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज व सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज डॉ. चेतन सिंह चुने गए। जीटीबी वारियर्स की टीम को विजेता व रीजेंसी रॉयल्स टीम को उपविजेता की ट्रॉफी दी गई।
सुख सुविधा बैंक ने जीता टूर्नामेंट का खिताब
गुरु सिंह सभा लाटूश रोड की ओर से श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य पर काकादेव स्थित श्री गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम में रविवार को आयोजित फाइनल मैच में सुख सुविधा बैंक ने टूर्नामेंट का खिताब जीता। गोविंद नगर सिंह एकादश को 44 रनों से हरा दिया। विजेता टीम को 21 हजार व उप विजेता टीम को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर हरविंदर सिंह लार्ड, सुखविंदर सिंह लाडी, मनमोहन सिंह, मीतू सागरी, गुरप्रीत सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
अक्षय के शतक से जीती मेटाडोर फोम की टीम
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की होटल महादेवा रीजेंसी ट्रॉफी के अंतर्गत रविवार को तीन मैच खेले गए। एचएएल मैदान पर अक्षय (133 रन) के शतक से मेटाडोर फोम की टीम 67 रनों से जीत गई। मेटाडोर फोम की टीम ने 28 ओवर में चार विकेट खोकर 262 रन बनाए। ब्लू वारियर्स एकादश 25 ओवर में 195 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सप्रू मैदान पर पैंथर एकादश ने 28 ओवर में चार विकेट खोकर 252 रन बनाए। एसडीएमटी एकादश 28 ओवर में सात विकेट खोकर 206 रन ही बना सकी। चित्रा मैदान पर गोविंद नगर किंग की टीम ने 27 ओवर में आठ विकेट खोकर 175 रन बनाए। केआरएस एकादश 21.2 ओवर में 159 रन ही बना सकी। संवाद