कानपुर। बीसीसीआई की अंडर–23 पुरुष स्टेट ए वनडे ट्रॉफी के मुकाबले में शनिवार को उत्तर प्रदेश ने हिमाचल प्रदेश को 73 रन से हराया। इसके साथ उत्तर प्रदेश ने लगातार तीन मैचों में जीत की हैट्रिक लगाते हुए चार अंक अपने नाम किए।
उप्र की टीम एलीट-ग्रुप सी की अंकतालिका में 12 अंक लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। पहले स्थान पर तमिलनाडु की टीम है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में हुए मैच में उत्तर प्रदेश की टीम ने 50 ओवर में छह विकेट पर 348 रन बनाए।
टीम से काव्य तेवतिया ने 138 रन की शतकीय पारी खेली तो प्रशांतवीर ने 79 रन बनाए। गेंदबाजी में प्रशांत कुमार ने तीन, साहिल शर्मा, आरएन ठाकुर और अरनव ने एक-एक विकेट लिया। इसके बाद हिमाचल प्रदेश की पूरी टीम 46.2 ओवर में 275 रन पर आउट हो गई।
टीम से अमनप्रीत सिंह ने 85, अतुल ने 40, सागर मिलान ने 39 रन जोड़े। गेंदबाजी में यूपी की ओर से प्रशांतवीर ने पांच, रितुराज शर्मा ने तीन और समीर रिवजी ने एक विकेट लिया। श्रेष्ठ खेल के लिए प्रशांतवीर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।