कानपुर देहात। शहरी आवास योजना में कॉलोनी का इंतजार जल्द पूरा होने की उम्मीद है। 13 निकायों में ऑनलाइन आए 5, 185 आवेदनों की पात्रता जांच शुरू हो गई है। पात्र पाए गए परिवारों को कॉलोनी के लिए डीपीआर इसी महीने सूडा भेजने की कवायद हो रही है। सब कुछ ठीक रहा तो जरूरतमंदों को इसी वित्तीय वर्ष में पक्के घर की सौगात मिलेगी।
शहरी आवास योजना में पात्र परिवार को घर बनाने के लिए ढ़ाई लाख रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं। बीते साल कॉलोनी की आस में करीब सात हजार से अधिक जरूरतमंदों ने ऑफ लाइन आवेदन किए थे। मगर नीति तय नहीं होने की वजह से ये आवेदन फाइलों में बंद रहे। नीति तय होने पर बीते 23 जनवरी को शासनादेश जारी हुआ।
इसमें ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया को निरस्त कर ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य कर दिया गया। तय पोर्टल पर आवेदन आने शुरू हुए। छह तहसीलों में कुल 5, 185 आवेदन आए हैं। इसमें वरीयता श्रेणी के 465 आवेदन शामिल हैं। डूडा कार्यालय से इन आवेदनों को पात्रता जांच के लिए संबंधित तहसीलों में भेजा गया है।
......................
वर्जन......
नगर निकाय में कॉलोनी के लिए ऑनलाइन आए आवेदनों में पात्रता की जांच शुरू हो गई है। तहसील स्तर से पात्र होने की रिपोर्ट मिलने पर डीपीआर बनाकर सूडा को भेजी जाएगी। मंजूरी पर लाभार्थी के बैंक खाते में धनराशि किस्त भेजी जाएगी। - अजय कुमार, पीओ डूडा
....................
ये हैं वरीयता श्रेणी के पात्र
दिव्यांग, परित्यक्ता या विधवा, बुजुर्ग, ट्रांसजेंडर, पीएम स्वनिधि लाभार्थी, निर्माण श्रमिक, पीएम विश्वकर्मा लाभार्थी, आंगनबाड़ी, सफाई कर्मी व स्लम या झोपड़ पट्टी में रहने वाले परिवार वरीयता श्रेणी में शामिल हैं।
-
कहां कितने आवेदनों की हो रही जांच
अकबरपुर निकाय में 190, अमरौधा में 83, डेरापुर में 42, झींझक में 15, कंचौसी में 256, मूसानगर में 1, 314, पुखरायां में 208, राजपुर में 287, रनियां में 1, 274, रसूलाबाद में 905, रूरा में 197, शिवली में 121, सिकंदरा में 293 आवेदनों की जांच कराई जा रही है।