इस्राइली नागरिकों के डिब्रूगढ़ राजधानी में छींकने पर हंगामा, जांच के लिए पहुंची टीम
- फोटो : अमर उजाला
डिब्रूगढ़ राजधानी में सफर कर रहे दो इस्राइली नागरिकों के छींकने और खांसने पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। यात्रियों को डर था कि ये विदेशी यात्री कहीं कोरोना से प्रभावित न हों और दूसरे भी संक्रमित हो जाएं। विदेशी यात्रियों से कहा गया कि वे रुमाल मुंह पर लगाक र छींके।
इसी में हुज्जत होती रही। इसी बीच सूचना सेंट्रल स्टेशन पर दे दी गई कि दो कोरोना संदिग्ध यात्री राजधानी में सफर कर रहे हैं। इस पर रेलवे की मेडिकल टीम और 108 एंबुलेंस सेंट्रल पहुंच गई। जांच में इस्राइली यात्रियों के सामान्य निकलने पर उन्हें ट्रेन से जाने की अनुमति दे दी गई।
सोमवार रात सेंट्रल स्टेशन पर चर्चा होने लगी कि दो कोरोना संदिग्ध यात्री राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रहे हैं। इस पर रेलवे के डॉ. पीके अवस्थी पूरी टीम के साथ स्टेशन पहुंच गए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने 108 एंबुलेंस भेज दी कि अगर यात्री कोरोना प्रभावित होंगे तो उन्हें यहां भर्ती करके इलाज दिया जाएगा।
ट्रेन प्लेटफार्म नंबर छह पर रुकी। दोनों यात्री बी-10 कोच में थे। यात्रियों की जांच की गई तो तापमान 95 निकला। यात्रियों को हल्का सा जुकाम था। इस पर दवा दे दी गई। डिप्टी एसएस डी मांझी ने बताया कि दोनों यात्री सामान्य थे।