कानपुर। कल्याणपुर के निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मंगलवार रात उपचार के दौरान मौत होने पर परिजन ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजन को शांत कराया।
कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी विपिन के मुताबिक रविवार देर रात प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी गुड़िया (35) को कल्याणपुर स्थित मेडिकल सेंटर लेकर आए। ऑपरेशन से प्रसव कराने की बात कहकर 60 हजार जमा कराए गए। बेटी का जन्म हुआ। आरोप है कि प्रसव के बाद गुड़िया की हालत बिगड़ गई। अस्पताल संचालक ने पेट में संक्रमण होने की बात कहते हुए डेढ़ लाख और जमा कराए। सुधार नहीं होने पर अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। नाराज परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।