कानपुर। कल्याणपुर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद बुधवार को बुजुर्ग की मौत हो गई। परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाया था। गुरुवार को हुए पोस्टमार्टम में बुजुर्ग की मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुराना शिवली रोड में एक निजी हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद नवाबगंज के दुर्गापुरवा निवासी 60 वर्षीय सत्यनारायण निषाद बुधवार रात मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। बेटे विक्रम का आरोप है कि पेट दर्द और गैस की शिकायत पर पिता को भर्ती कराया था।
जांच के बाद डाॅक्टरों ने आंत में समस्या बताकर ऑपरेशन की सलाह दी। आरोप है कि बुधवार को डाॅक्टरों ने जानकारी दिए बिना ही ऑपरेशन कर दिया गया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर केशव तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी ने अपनी टीम के साथ अस्पताल का निरीक्षण गुरुवार को किया। अस्पताल के पास लाइसेंस और बाकी दस्तावेज तो सही मिले। डॉ. रमित ने बताया कि रोगी की छेद होने आंत फट गई थी। इसी के चलते रोगी को सर्जरी के लिए सलाह दी गई। रोगी की हालत काफी डॉक्टरों ने गंभीर बताई है लेकिन लापरवाही कहां हुई है, इसकी जांच की जाएगी। जांच कमेटी का गठन शुक्रवार को करेंगे और उसके बाद जो रिपोर्ट आएगी उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)