यूपी के कानपुर जिले में शनिवार और रविवार प्रदेश की सबसे सर्द रात रही। न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड रहा जो इस सीजन का सबसे कम पारा है। कानपुर शिमला और मसूरी से भी ठंडा रहा।
उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। रविवार को प्रदेश के पश्चिम व तराई के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ी। कानपुर, कानपुर देहात, इटावा, बाराबंकी, शाहजहांपुर, बरेली, हरदोई आदि जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री या इससे नीचे दर्ज हुआ।
विज्ञापन
3.2 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर नगर व देहात प्रदेश में सबसे ठंडे रहे। वहीं 3.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ इटावा तीसरा सबसे ठंडा शहर रहा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 13 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं 22 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट यानी शीत दिवस होने की आशंका जताई है।
Trending Videos
शिमला, मसूरी से भी ठंडा कानपुर, देश का 11वां सबसे ठंडा जिला
कानपुर में शनिवार और रविवार प्रदेश की सबसे सर्द रात रही। न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड रहा जो इस सीजन का सबसे कम पारा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, कानपुर की रात रविवार को शिमला, जम्मू, मसूरी और देहरादून से भी ठंडी रही।
देश भर के मौसम की रिपोर्ट के अनुसार, कानपुर 11वां सबसे ठंडा जनपद रहा। इस बीच दिन में धूप के बावजूद बर्फीली हवाओं के चलने से ठंड में कमी नहीं आई। दिन तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री लुढ़ककर 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता रुक जाने और उत्तर पश्चिमी हवाओं की रफ्तार तेज होने की वजह से शीतलहर तेज हो गई है। शाम होते ही पाला पड़ना शुरू हो जाता है। बताया कि जनवरी के पहले दिन से ही शीत दिवस चल रहा है।
इसी तरह आधी रात कोहरा अधिक होने की वजह से दृश्यता भी शून्य रही। डॉ. पांडेय ने बताया कि उत्तर भारत के सभी जिलों में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कानपुर का न्यूनतम तापमान आसपास के पर्वतीय राज्यों से भी कम दर्ज किया गया है।
ठंड में 58 हार्ट अटैक, आठ ब्रेन स्ट्रोक, सात की मौत
ठंड में रविवार को एलपीएस कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट में हार्ट अटैक के लक्षण वाले 58 रोगी भर्ती किए गए। हैलट इमरजेंसी में ब्रेन स्ट्रोक के आठ रोगियों को गंभीर हालत में भर्ती किया गया। कार्डियोलॉजी में छह रोगी और हैलट में एक रोगी को मृतावस्था में लाया गया।
पांच सर्वाधिक कम तापमान वाले जिले
कानपुर 3.2 डिग्री
इटावा 3.8 डिग्री
बाराबंकी 4.5 डिग्री
सहारनपुर 4.6 डिग्री
हरदोई 5.0 डिग्री
कुछ पर्वतीय शहरों में पारा
धर्मशाला 3.5 डिग्री
शिमला 3.6 डिग्री
मसूरी 4.3 डिग्री
जम्मू कटरा 7.0 डिग्री
जम्मू 10 डिग्री
उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति और बढ़ने की संभावना है। इसके कारण रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। साथ ही सुबह-शाम के साथ ही दिन में भी शीतलहर जैसे हालात बन रहे है। - डॉ. एसएन सुनील पांडे, वरिष्ठ मौसम विज्ञानी
कश्मीर-उत्तराखंड में जमे नदी-नाले
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र समेत उत्तर भारत में अब गलन वाली ठंड पड़नी शुरू हो गई है। कश्मीर समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र की चोटियों पर बर्फबारी के बाद पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने मैदानी राज्यों में ठिठुरन बढ़ा दी है। कई इलाकों में नदी-नाले और जलस्रोत जम गए हैं। उत्तर से पूर्वोत्तर और पश्चिम से पूर्वी राज्यों तक कोहरे का कहर बना हुआ है।