कानपुर के बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के मकनपुर-इलियासपुर गांव में सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट के बाद एक संप्रदाय की भीड़ ने हंगामा करते हुए आरोपी के घर पर ईंट गुम्मों से हमला करते हुए धावा बोल दिया। आरोप है कि उपद्रवी युवकों ने कुछ लोगों के भड़काने पर आरोपी परिवार के साथ मारपीट कर घर में तोड़फोड़ की।
घटनास्थल से मात्र 50 कदम दूर स्थित मकनपुर पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी भीड़ के तेवर देख दो घंटे तक मूकदर्शक बने रहे। बवाल की सूचना पर बिल्हौर, चौबेपुर, शिवराजपुर, ककवन, कन्नौज, ठठिया, तिर्वा आदि थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो उपद्रवी भागकर घरों में छिप गए। सूचना के बाद एडीएम वित्त, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, कानपुर नगर और कन्नौज जिले के कई पुलिस क्षेत्राधिकारी, पीएसी बल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद मामला शांत हो सका।
इंस्पेक्टर बिल्हौर संतोष अवस्थी ने बताया कि मकनपुर पुलिस चौकी के समीप पूर्व प्रधान छोटेलाल के पुत्र कन्हैया लाल गुप्ता का इलियासपुर पंचायत भवन से सटा मकान है। कन्हैया के पुत्र आलोक गुप्ता ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल कर दी। जब आपत्तिजनक पोस्ट की भनक मकनपुर और इलियासपुर के लोगों को हुई तो थोड़ी देर में ही दादमियां चौराहा पर भीड़ इकट्ठा हो गई।
मकनपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज वेदप्रकाश आपत्तिजनक पोस्ट की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचे और दादमियां चौराहे पर नारेबाजी कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पलक झपकते ही बड़ी संख्या में भीड़ आलोक गुप्ता के घर की ओर कूच करने लगी। भीड़ में से कुछ युवक ईंट गुम्मे और आरोपी के पड़ोसियों से धक्का मुक्की कर उसके घर में जा घुसे।
ईंट-गुम्मे चलने से नीलम, सुरेश, छोटे के हाथ और पैरों पर चोटें आईं। वहीं उपद्रव कर रहे युवकों ने फोटो खींचने पर हलपुरा निवासी लवकुश कटियार को जमकर पीटा। विवाद बढ़ता देख पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। जब मकनपुर में पीएसी और कई थानों का पुलिस बल पहुंचा तब विवाद पर आमादा लोग शांत हुए। मोहमद फैजी की तहरीर पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आलोक गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट कर हिरासत में लिया गया।
वहीं आरोपी के घर तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है, कई संदिग्ध पुलिस की नजर में हैं, कई विवादित युवकों को हिरासत में भी लिया गया है। स्थित पूरी तरह नियंत्रण में हैं। मकनपुर-इलियासपुर आने जाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। सांप्रदायिक विवाद की सूचना पर एडीएम वित्त वीरेंद्र प्रसाद पांडे, एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल, एसपी आरए बृजेश श्रीवास्तव, एसडीएम पीएन सिंह, ब्लाक प्रमुख अनिल कटियार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा कर शांत किया।