कानपुर। बीसीसीआई की विजय मर्चेंट ट्रॉफी अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए उत्तर प्रदेश की टीम घोषित कर दी गई है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से घोषित टीम में कानपुर के ईशु सचान को भी जगह मिली है। टीम का कप्तान सहारनपुर के आलोक कुमार को बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश की टीम अपना पहला मुकाबला 14 से 16 नवंबर तक कर्नाटक के क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 19 से 21 नवंबर तक हैदराबाद, 25 से 27 नवंबर तक ओडिशा और 30 नवंबर से दो दिसंबर तक हरियाणा से मुकाबला होगा। वहीं, छह से आठ दिसंबर तक यूपी की टीम चंडीगढ़ के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
चयनित टीम में गाजियाबाद से रितिज मलिक, गर्व मित्तल, आरव त्यागी और कबीर पांचाल शामिल हैं। सहारनपुर से आलोक कुमार, कृष्णा कुमार और आर्यन सैनी तथा नोएडा से अर्थव सिंह, आधारित मेहरा और अंश चौधरी चुने गए हैं। प्रयागराज से कामरान अली, आर्यमान ओझा जबकि मुरादाबाद से मोहम्मद कैफ और हर्ष सिंह टीम में शामिल हैं। इसके अलावा कानपुर से ईशु सचान, बुलंदशहर से अरनव बिथौलिया, अलीगढ़ से आयुष्मान यादव और मेरठ से रुद्र शर्मा भी टीम का हिस्सा हैं।