कानपुर में हवा दिन पर दिन जहरीली होती जा रही है। दिन में धुंध की एक चादर नजर आती है। इसके साथ ही बुधवार को प्रदूषण की मात्रा में सुबह से शाम के बीच कई बार उतार चढ़ाव आया। आधी रात एक बजे एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 348 के बाद सुबह 256 पर और शाम चार बजे 174 पर आ गया।
इसके बाद फिर से इसमें बढ़ोत्तरी शुरू हुई और रात के 9 बजे तक 249 रिकार्ड किया गया। इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से जारी शहर के औसत प्रदूषण की मात्रा 349 रही।
बुधवार को प्रदूषण में कमी की वजह दिन में अच्छी धूप रही और आसमान भी लगभग साफ रहा। इसी वजह से स्मार्ट सिटी के तहत लगाए गए प्रदूषण मापक मीटर में भी प्रदूषण में कमी नजर आई।
सबसे अधिक भैरोघाट और जाजमऊ क्षेत्र में प्रदूषण की मात्रा 372 और 365 एक्यूआई रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह फिर से बादल होने की संभावना है। ऐसे में प्रदूषण में फिर से इजाफा हो सकता है।