कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की बहुप्रतीक्षित यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र की शुरुआत मंगलवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम से होगी। इस मौके पर लीग के नवनियुक्त चेयरमैन डॉ. संजय कपूर आधिकारिक कार्यालय का विधिवत पूजन कर शुभारंभ करेंगे, जिसके साथ ही नए सत्र की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।
कार्यालय के उद्घाटन के बाद यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें आगामी सत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार यूपी टी-20 लीग में दो नई टीमों को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है। लीग को दो शहरों में आयोजित करने, नए प्रायोजकों को जोड़ने सहित अन्य तैयारियां की जाएंगी। सभी कार्यों के लिए एक स्थायी कार्यालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला से विचार-विमर्श के बाद ग्रीनपार्क स्टेडियम में स्थायी कार्यालय बनाने का निर्णय लिया गया है। शुभारंभ 27 जनवरी को होगा। इसी दिन गवर्निंग काउंसिल के सदस्यों की बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें नई टीमों को शामिल करने, उनके टेंडर जारी करने तथा चौथे सत्र को दो शहरों में आयोजित करने की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।