कोतवाली क्षेत्र के रैपुराकलां गांव की कीचड़युक्त सड़क और जलभराव से परेशान स्कूली छात्र-छात्राओं का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। छात्र-छात्राओं ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान बच्चों ने जमकर नारेबाजी की। तीन घंटे तक जाम और प्रदर्शन के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। तहसीलदार ने शीघ्र सड़क निर्माण का भरोसा देने के बाद आवागमन बहाल हो सका। हालांकि छात्रों ने पुलिस पर जबरन सड़क से हटाने का आरोप लगाया है।
http://
रैपुराकलां गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली करीब तीन किलोमीटर सड़क लंबे समय से गड्ढायुक्त है। बारिश के चलते सड़क पर जगह-जगह जलभराव हो गया है। कई जगह कीचड़ और दलदल होने से साइकिल व पैदल निकलने में परेशानी होती है। इसी मार्ग से मझलवारा, बनियातला और महानपुरा गांव के ग्रामीण भी आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने से ई-रिक्शा व ऑटो पलटने की घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें कई बच्चे चोटिल हो चुके हैं। छात्र मनोज, अनिल, नीरज, विवेक आदि ने बताया कि गांव के बच्चे डीएवी इंटर कॉलेज, जीआईसी, जीजीआईसी आदि इंटर कॉलेजों में प्रतिदिन शिक्षा ग्रहण करने आते-जाते हैं। सड़क खराब होने से उन्हें परेशानी हो रही है और समय भी बर्बाद होता है। कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई लेकिन प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।