उत्तर प्रदेश में पुलिस एवं उपनिरीक्षक (दरोगा) भर्ती परीक्षा के पहले दिन शनिवार को कानपुर मंडल और आसपास के जनपदों में भारी सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता देखने को मिली। हमीरपुर, औरैया, फर्रुखाबाद और हरदोई के केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों का हुजूम उमड़ पड़ा। प्रशासन ने नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए केंद्रों के बाहर सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
">http://
हमीरपुर: चार केंद्रों पर 3360 परीक्षार्थी पंजीकृत
हमीरपुर में दो पालियों में परीक्षा शुरू हुई। यहां राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पीजी कॉलेज कुछेछा, श्री विद्या मंदिर और राजाराम इंटर कॉलेज झलोखर को केंद्र बनाया गया है। पहली पाली सुबह 10 से 12 और दूसरी दोपहर तीन से पांच बजे तक तय की गई। पहले दिन 1680 परीक्षार्थियों की व्यवस्था रही। कल, 15 मार्च को भी इतनी ही संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
">http://
औरैया: आठ केंद्रों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा
औरैया जनपद के आठ परीक्षा केंद्रों पर सुबह साढ़े आठ बजे से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई। कड़ी जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निरीक्षण करते रहे। कड़ी जांच के कारण केंद्रों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं।
">http://
फर्रुखाबाद: 19 केंद्रों पर झांसी-हमीरपुर के युवाओं का जमावड़ा
फर्रुखाबाद में 19 केंद्रों पर पहली पाली में 5520 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यहां झांसी, ललितपुर और हमीरपुर से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। क्रिश्चियन कॉलेज केंद्र के बाहर परीक्षार्थी आखिरी मिनट तक किताबों और नोट्स के साथ तैयारी करते नजर आए। रोडवेज और ट्रेनों में भारी भीड़ के बावजूद परीक्षार्थी समय से केंद्र पहुंचे।
">http://
हरदोई: केवल पेन-पेंसिल को मिली अनुमति
हरदोई के 10 केंद्रों पर दरोगा भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। गेट पर सघन तलाशी ली गई। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, पेन और पेंसिल के अलावा मोबाइल, घड़ी या कोई भी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर ले जाने की सख्त मनाही रही। बता दें कि परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने लखनऊ और शाहजहांपुर के बीच दो-दो फेरों के लिए परीक्षा विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।