उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय की ओर से तैयार की गई आयुर्वेदिक दवा राज निर्वाण बूटी (आरएनबी) करोना के मरीजों को राहत दे रही है। कुलपति प्रो. डॉ. राजकुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में भर्ती 20 मरीजों पर इस बूटी के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं।
इसके परिणामों पर पायलट स्टडी भी की जा रही है। जल्द ही इसे देश के सामने लाएंगे। प्रो. डॉ. राजकुमार ने बताया कि यह दवा 12 आयुर्वेदिक मिश्रणों से तैयार हुई है। कोरोना मरीजों पर रिसर्च के प्रोटोकॉलों का अनुपालन कर इसे आजमाया गया है।
कोरोना के मामले आने के साथ ही विश्वविद्यालय ने इसपर रिसर्च करनी शुरू कर दी थी। हमने सबसे पहले यह देखा कि कोरोना शरीर के किन-किन हिस्सों पर पहले अटैक करता है। जिसकी वजह से कोविड मरीज की मृत्यु भी हो सकती है। इसके बाद प्राचीन चिकित्सा की उन दवाओं को छांटा गया जो इस सिस्टम के लिए कारगर हैं।