कानपुर में शुक्रवार रात तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ में तीनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने तीनों का उपचार करवाने के बाद जेल भेज दिया। इनमें से दो 25-25 हजार के इनामी बदमाश हैं। महाराजपुर एसओ के मुताबिक शुक्रवार रात साढ़े दस बजे देवीपुरवा निवासी शनि निषाद से बाइक सवार दो बदमाशों ने 4200 रुपये और मोबाइल लूट ले गए थे।
लुटेरों की तलाश में पुलिस रात करीब डेढ़ बजे जवाहर नवोदय मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई और जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भाग निकला। पकड़ा गया बदमाश हीरा नगर सतबरी रोड बिधनू निवासी विजय सिंह परिहार है। उसके खिलाफ लूट, गैंगेस्टर आदि के छह मामले दर्ज हैं।